आईपीएल के 15 वें सीजन को शुरू होने में अब चंद दिन ही शेष रह गए है, आईपीएल के अब तक के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी के लिए कही न कही यह साल आखरी हो सकता है। ऐसे में यह सवाल हमेशा ही सबके मन में रहा है कि महेंद्र सिंह धोनी के बाद सीएसके की कप्तानी किसके हाथों में होगी।
आईपीएल इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स एकमात्र ऐसी टीम रही है जिसके पास अब तक एक मात्र रेगुलर कप्तान है। वास्तव में, महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2008 से ही चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी कर रहे हैं। ऐसे में धोनी के बिना चेन्नई के बारे में सोचना एक कठिन परिकल्पना है लेकिन खेल पत्रकारों से लेकर पूर्व क्रिकेटरों ने चेन्नई सुपर किंग्स के अगले कप्तान के रूप में कुछ सुझाव दिए हैं। हाल ही में पूर्व क्रिकेटर और अब कमेंटेटर निखिल चोपड़ा ने भी सीएसके के भविष्य से जुड़े इस सवाल पर अपनी राय रखी है।
ये भी पढ़ें: IPL 2022: चेन्नई की टीम से जुड़ने के बाद नाचने लगा था यह ऑलराउंडर, कप्तान धोनी ने दिया जरूरी सुझाव
पूर्व क्रिकेटर निखिल चोपड़ा ‘खेलनीति’ पॉडकास्ट पर क्रिकेट से जुड़े मुद्दों पर लगातार चर्चा करते रहते हैं इसी कड़ी में उन्होंने हाल ही में CSK के अगले कप्तान को लेकर चर्चा की है। निखिल चोपड़ा ने कहा है कि, अगर महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2023 में नहीं खेलते हैं, तो सीएसके स्टार ऑल राउंडर रवींद्र जडेजा को अपना नया कप्तान नियुक्त कर सकती है।
निखिल चोपड़ा ने पॉडकास्ट में कहा है कि, रवींद्र जडेजा निश्चित तौर पर सीएसके के किए कप्तानी के बेहतर विकल्प हो सकते हैं। जडेजा ने पिछले कुछ सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया है। और, आईपीएल 2021 में फ्रेंचाइजी को खिताब हासिल करने में अहम भूमिका निभाई थी।
आगे निखिल चोपड़ा ने कहा है कि, आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी से पहले जिस तरह फ्रेंचाइजी ने रविंद्र जडेजा को रिटेन किया था। वह दर्शाता है कि जडेजा टीम के प्रमुख खिलाड़ी हैं। सीएसके द्वारा जडेजा को 16 करोड़ की भारी भरकम राशि देकर धोनी से ऊपर रिटेन किया जाना भी इसी ओर इशारा करता है। यही कारण है कि, यदि धोनी आईपीएल 2023 में नहीं खेलते हैं तो जडेजा सीएसके के अगले कप्तान हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें: IPL 2022: फिटनेस को लेकर खुद दीपक चाहर ने दिया बड़ा अपडेट, जानिए कब जुड़ेंगे CSK के साथ