इंडियन प्रीमियर लीग 2022 का 19वा मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स (DC) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेला गया। दिल्ली कैपिटल्स ने 44 रनों से कोलकाता को मात देते हुए इस सीजन अपनी दूसरी जीत हासिल की।
दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेटों के नुकसान पर 215 रन बनाए। दिल्ली के दोनों ही सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ और डेविड वॉर्नर ने पहले विकेट के लिए 93 रनों की साझेदारी की। जबकि इस सीजन अपने बल्ले से कमाल दिखा रहे पृथ्वी शॉ ने 29 गेंदों पर 51 रनों की तूफानी पारी खेली। जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे। उनका विकेट वरुण चक्रवर्ती ने लिया। पृथ्वी शॉ की यह लगातार दो मुकाबलों में दूसरी हाफ सेंचुरी है।
उनके साथी सलामी जोड़ीदार डेविड वॉर्नर ने भी आज अपने हाथ खोले और 45 गेंदों पर 61 रन बनाए। कप्तान ऋषभ पंत आज तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे और आते ही उन्होंने सभी गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया 14 गेंदों पर 27 रनों की पारी खेली। उनका विकेट आंद्रे रसेल ने लिया।
ललित यादव मात्र 1 रन बनाकर नारायण का शिकार बने। जबकि रोवमैन पॉवेल महज 8 रन ही बना पाए। पारी के अंतिम ओवरों में अक्षर पटेल ने 14 गेंदों पर 22 रनों की पारी खेली। शार्दुल ठाकुर ने उनका बखूबी साथ देते हुए 11 गेंदों पर 29 रन बनाए। जिसमें एक चौका और 3 छक्के भी शामिल थे। जिसके फलस्वरूप दिल्ली कैपिटल्स निर्धारित 20 ओवरों में 215 रन बनाने में सफल रही।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम की शुरुआत निराशाजनक रही और पारी के तीसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर खलील अहमद की गेंद पर कैच आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 8 गेंद खेलकर 18 रन बनाए।
अजिंक्य रहाणे इस मुकाबले में भी कुछ खास नहीं कर पाए और 14 गेंदें पर 8 रन बनाकर खलील अहमद का ही शिकार बने। कोलकाता की पारी में सबसे अधिक रन कप्तान श्रेयस अय्यर ने बनाए। उन्होंने 54 रनों की पारी खेली। नितीश राणा 20 गेंदें पर 30 रन ही बना पाए।
आंद्रे रसेल ने 21 गेंदों पर 24 रन, सैम बिलिंग 15 रन, मुंबई के खिलाफ मैच जिताऊ पारी खेलने वाले पैट कमिंस इस मैच में नाकाम रहे और मात्र 4 रन बनाकर कुलदीप यादव की गेंद पर आउट हुए। जिसकी कारण कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 19. 4 ओवरों में 171 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
कोलकाता की इस सीजन यह दूसरी हार है। इस हार के बावजूद कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम अभी भी पॉइंट टेबल पर पांच मुकाबलों में 6 अंकों के साथ टॉप पर मौजूद है।
https://twitter.com/mohitherapy/status/1513166961336758275