टीम इंडिया के सबसे सफल कप्तान में से एक रहे महेंद्र सिंह धोनी का पालतू जानवरों के साथ लगाव किसी से छुपा नहीं है, वह अक्सर किसी न किसी पेट के साथ देखे जाते है। इसी बीच धोनी ने अब अपने परिवार के सबसे नए सदस्य तोते का स्वागत किया है।
धोनी की पत्नी साक्षी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एमएस धोनी के साथ तोते की फोटो पोस्ट की, जिसमें क्रिकेटर चाय का लुत्फ उठाते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, फैंस का ध्यान तोते ने अपनी ओर आकर्षित किया, जो धोनी के कंधों पर बैठे हुए हैं।
धोनी के इस नए तोते का नाम हनी है, पत्नी साक्षी धोनी ने पोस्ट के साथ कैप्शन लिखा, ‘माही और उनका हनी।’ धोनी की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है साथ ही धोनी के समर्थक कई तरह की प्रतिक्रिया दे रहे है।
महेंद्र सिंह धोनी को प्रकृति और पशु-पक्षियों से खासा लगावा है. इसका उदाहरण उनका रांची स्थित फार्म हाउस ‘कैलाशपति’ है. धोनी के इस फार्म हाउस, में घोड़े, कुत्ते, पोनी और कई पक्षी बतौर पालतू उनके साथ रहते हैं
आईपीएल और वर्ल्ड कप का टास्क पूरा करने के बाद धोनी अपने घर वापस लौट चुके है और परिवार से साथ वक्त गुजार रहे है। महेंद्र सिंह धोनी की पहले भी इस तरह की तस्वीरें वायरल हो चुकी हैं, जहां वो अपनी बेटी जीवा के साथ एक पक्षी संग मस्ती करते नज़र आ रहे थे।