पिछले कुछ समय से खिलाडियों के राजनीती में आने की गति बढ़ गई है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह को भी आम आदमी पार्टी ने पंजाब से राज्यसभा के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इनसे पहले भी बहुत सारे खिलाडियों ने राजनीती में कदम रखे थे इनमें कुछ जीतकर मंत्री बने तो कुछ को निराशा हाथ लगी। आइए जानते हैं उन साथ क्रिकेटरों के बारे में जिन्होंने राजनीति के मैदान में अपना कदम रखा है।
1. गौतम गंभीर
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और 2011 विश्व कप विजेता खिलाड़ी गौतम गंभीर ने क्रिकेट से संन्यास के बाद राजनीति में कदम रखा है। उन्होंने 2019 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का फैसला लिया था। और वो पूर्वी दिल्ली के सांसद भी बने।
2. मोहम्मद अजहरूद्दीन
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और एक बेहतरीन क्रिकेटर मोहम्मद अजहरूद्दीन ने 2009 में राजनीति में कदम रखा था। उन्होंने कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का फैसला किया था। भारत के सफल कप्तानों में से एक अजहरूद्दीन ने लोकसभा चुनाव लड़ा और मोरादाबाद से सांसद बने।
3. नवजोत सिंह सिद्धू
नवजोत सिंह सिद्धू जिन्होंने क्रिकेट के साथ साथ राजनीती में भी अपनी पकड़ बनाई है। उन्होंने 2004 में राजनीति में कदम रखा था और बीजेपी से जुड़े थे। उन्होंने दो बार लोकसभा चुनाव भी जीता है। सिद्धू ने 2017 में कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर लिया था। और फिर अमृतसर से चुनाव लड़े और वहां भी जीत मिली थी। हालांकि उन्हें इस बार के पंजाब चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है।
4. मनोज तिवारी
भारत के क्रिकेटर मनोज तिवारी ने अपने संन्यास लेने से पहले ही अपने राजनितिक पारी को शुरू कर दिया है। 36 वर्षीय मनोज 2021 में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े और हावड़ा के सिबपूर से बंगाल विधानसभा का चुनाव लड़े थे। उन्हें जीत हासिल हुई थी और उन्हें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य का खेल मंत्री बनाया है।
5. कीर्ति आजाद
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और विश्व कप विजेता खिलाड़ी कीर्ति आजाद भी राजनीति में अपनी छाप छोड़ चुके हैं। वह बीजेपी से जुड़े थे और दिल्ली के गोल मार्केट विधानसभा से विधायक बने थे। इसके बाद उन्होंने 2014 में दरभंगा से संसद का चुनाव लड़ा और जीते भी।
6. मंसूर अली खान पटौदी
पूर्व भारतीय कप्तान और महान क्रिकेटर मंसूर अली खान पटौदी ने भी राजनीति में अपनी किस्मत आजमाई थी लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। उन्होंने दो बार कांग्रेस के टिकट पर अलग-अलग जगहों से लोकसभा चुनाव लड़ा लेकिन दोनों जगह हार का सामना करना पड़ा था।
7. मोहम्मद कैफ
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मौजूदा कमेंटेटर मोहम्मद कैफ ने क्रिकेट के मैदान पर अपनी बल्लेबाजी और शानदार फील्डिंग से सभी के दिल में अपने छाप को छोड़ा था लेकिन उन्हें राजनीति के मैदान पर निराशा हाथ लगी। उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर 2014 में इलाहाबाद के फुलपूर से चुनाव लड़ा और उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।