आईपीएल 2022 के शुरू होने से ठीक दो दिन पहले महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी छोड़ सभी को हैरान कर दिया है, धोनी ने आईपीएल में अब कप्तानी का जिम्मा आल राउंडर रविंद्र जडेजा को सौंपा है। इस बदलाव के साथ ही रविन्द जडेजा CSK के लिए कप्तानी करने वाले तीसरे प्लेयर बन गए है।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे लंबे समय तक एमएस धोनी ने कप्तानी की है और उसके बाद सुरेश रैना ने कुछ मैचों में टीम की कप्तानी की थी।, लेकिन आईपीएल 2022 से टीम की कमान रविंद्र जडेजा के हाथों में होगी।
ये भी पढ़ें: धोनी के CSK की कप्तानी छोड़ने पर विराट कोहली ने इमोशनल पोस्ट लिखकर जीता फैंस का दिल
अगर हम महेंद्र सिंह धोनी के रिकॉर्ड की बात करें तो धोनी ने CSK के लिए 213 मैचों में कप्तानी की है। इस दौरान उन्होंने 130 मैचों में जीत दिलाई, जबकि 81 मैचों में हार मिली थी। एक मैच टाई रहा, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा।
सुरेश रैना ने CSK के लिए कुल 6 मैचों में कप्तानी की है जिसमें से 2 में टीम को जीत मिली और तीन में उसे हार का सामना करना पड़ा। एक मैच टाई रहा। धोनी ने 14 वर्षों तक सीएसके की कप्तानी की, उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपरकिंग्स ने 4 ख़िताब जीते।
फ्रेंचाइजी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) काशी विश्वनाथन ने क्रिकइंफो को बताया कि धोनी सीएसके के लिए खेलना जारी रखेंगे। काशी विश्वनाथ के अनुसार धोनी चाहते थे कि कप्तानी में होने वाला बदलाव सहज हो और उन्हें लगा कि जडेजा सीएसके का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं।
विश्वनाथन ने कहा कि धोनी ने गुरुवार को टीम की बैठक में इस फैसले की घोषणा की। टीम 26 मार्च को पिछले सीजन के उप विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 2022 सीजन के पहले मैच के लिए तैयार होने एवं प्रशक्षिण के लिए मुंबई रवाना हो गई है।