आईपीएल की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में एक बार फिर से निराशाजनक शुरुआत हुई है, मुंबई इंडियंस को दिल्ली कैपिटल्स के हाथों पहले ही मैच में हार का सामना करना पड़ा।
इस मैच में हार के बाद रोहित शर्मा और मुंबई इंडियंस के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। दरअसल रोहित शर्मा ने जब से मुंबई इंडियंस की कमान संभाली है, तब से मुंबई इंडियंस सीजन का पहला मैच नहीं जीत पाई है।
2013 से 2022 तक 10 बार ऐसा हो चुका है, जब रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस को सीजन के पहले मैच में हार मिली है। हालांकि, अच्छी बात ये है कि इनमें से 5 बार टीम खिताब भी जीतने में सफल रही है। ऐसे में रोहित शर्मा के पहला मैच हारना एक तरह शगुन भी है और अपशगुन भी, क्योंकि 5 बार टीम का प्रदर्शन खराब भी रहा है।
मैच की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स की युवा टीम ने पांच बार की की चैंपियन मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हरा दिया, एक वक्त पर दिल्ली कैपिटल्स मैच में पिछड़ती नजर आ रही थी लेकिन अंत समय में अक्षर पटेल और ललित यादव के तूफ़ान में मुंबई इंडियंस उड़ गई।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के सामने 178 रनों का लक्ष्य रखा, ओपनर ईशान किशन ने सबसे ज्यादा नाबाद 81 रन बनाए जबकि रोहित शर्मा 41 रन बनाकर आउट हुए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली ने 18. 2 ओवर में 6 विकेट पर 179 रन बनाए।