बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में मध्य प्रदेश और मुंबई के बीच रणजी ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। दूसरे दिन के खेल में मुंबई की पारी 374 रनों पर सिमट गई। जिसमे सरफराज खान ने 134 रनों की शानदार पारी खेली। बदले में मध्य प्रदेश ने मात्र एक विकेट खो कर 123 रन बना लिए है। यश दुबे (44*) और शुभम शर्मा (41*) रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। मुंबई की ओर से तुषार देशपांडे ने एक सफलता हासिल की।
दूसरे दिन का खेल शुरू होने से पहले मुंबई का स्कोर पांच विकेट के नुकसान पर 248 रन था। दूसरे दिन का खेल शुरू होते ही पहली ओवर की दूसरी गेंद पर शम्स मुलानी आउट हो गए। शम्स मुलानी मात्र 12 रन बनाकर पवेलियन की और चल पड़े। मुंबई की तरफ़ से सरफराज खान ने शानदार बल्लेबाजी की।
ये भी पढ़ें: Ranji Trophy Final: सरफराज खान ने जड़ा शतक, लंच ब्रेक तक मुंबई का स्कोर 351-8
दूसरे छोर के खिलाड़ियों ने सरफराज खान का साथ दिया। जिसके चलते मुंबई 374 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रहीं। सरफराज खान ने 243 गेंदों में 13 चौके और दो छक्के लगाकर 134 रन बनाए। मध्य प्रदेश की ओर से गौरव यादव ने चार, अनुभव अग्रवाल ने तीन और सारांश ने दो विकेट चटकाए।
अपनी पहली पारी खेलने उतरी मध्य प्रदेश की टीम ने अच्छी बल्लेबाजी की। हिमांशु मंत्री 31 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद यश दुबे (44*) और शुभम शर्मा (41*) दोनों के बीच नाबाद 76 रनों की साझेदारी हुई। दिन का खेल खत्म होने तक मध्य प्रदेश का स्कोर 123-1 है। मध्य प्रदेश अभी भी मुंबई से 251 रन पीछे है।