रणजी ट्रॉफी का फाइनल मुंबई और मध्य प्रदेश के बीच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सरफराज खान की 134 रनों की शानदार पारी के बदौलत 374 रन बनाए। जवाब में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक मध्य प्रदेश ने एक विकेट खो कर 123 रन बना लिए थे। दूसरे दिन के अंत तक यश दुबे 44 और शुभम शर्मा 41 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
यश दुबे और शुभम शर्मा ने लगाया शतक
तीसरे दिन का खेल शुरू होने के बाद दोनों बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी की। लंच तक मध्य प्रदेश का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 228 रन था। पारी में यश दुबे नाबाद 101 और शुभम शर्मा नाबाद 88 रन बनाकर पवेलियन लौटे। तीसरे दिन के पहले सेशन में दोनों बल्लेबाजों ने 105 रन जोड़े।
लंच के बाद आते ही शुभम शर्मा ने भी अपना शतक पूरा किया और दोनों बल्लेबाजों के बीच 200 रनों की साझेदारी भी हो गई है। मध्य प्रदेश का स्कोर अभी एक विकेट के नुकसान पर 268 रन है और वह अब केवल 106 रनों से पीछे है।
मध्य प्रदेश अभी तक एक भी रणजी ट्रॉफी जीतने में नाकाम रहा है। दूसरी ओर मुंबई 41 बार ट्रॉफी अपने नाम कर चुका है। तो ऐसे में मध्य प्रदेश के पास इस समय रणजी की पहली ट्रॉफी अपने नाम करने का अच्छा मौका है।