आईपीएल 2022 का सबसे रोमांचक मैच बीती रात देखने को मिली जहाँ पंजाब किंग्स को एक बार फिर से हार का सामना करना पड़ा। लीग के 16 वे मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने पंजाब को रोमांचक मुकाबले में 6 विकेट से हरा दिया।
गुजरात को आखिरी ओवर में 19 रन की जरूरत थी। पहली चार गेंदों पर मात्र 7 ही रन आए थे, लेकिन राहुल तेवतिया ने अंतिम ओवर की अंतिम दो गेंदों पर शानदार छक्के लगा टीम को जीत दिलाई।
पहली गेंद:
ओडियन स्मिथ ने पहली गेंद डेविड मिलर को डाली जो कि ऑफ स्टंप से काफी ज्यादा बाहर थी। अंपायर ने इसे वाइड करार दिया। गुजरात को एक रन मिल गए।
पहली गेंद:
वाइड के कारण स्मिथ को फिर से पहली गेंद करनी पड़ी। ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद को मिलर मारना चाहते थे, लेकिन गेंद बल्ले से नहीं लगी। गेंद जब तक विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो के पास पहुंचती नॉन स्ट्राइक एंड पर खड़े हार्दिक पंड्या रन के लिए दौड़ पड़े। इतने में बेयरस्टो ने गेंद लेकर स्टंप में मार दी। हार्दिक रन आउट हो गए।
दूसरी गेंद:
हार्दिक के रनआउट होने के बाद राहुल तेवतिया क्रीज पर आए। ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद पर तेवतिया ने बल्ला लगाया। गेंद फील्डर के पास चली गई। तेवतिया ने एक रन ले लिया।
तीसरी गेंद:
स्मिथ ने स्ट्राइक पर आए डेविड मिलर को धीमी गेंद दी। मिलर ने गेंद को बेहतर तरीके से पढ़ा और चौका जड़ दिया। अब गुजरात को तीन गेंद पर 13 रन बनाने थे।
चौथी गेंद:
स्मिथ की सीधी गेंद पर मिलर ने सामने की ओर मारा। तेवतिया रन लेने के लिए दौड़े, मिलर क्रीज से दूर थे और स्मिथ ने थ्रो किया, लेकिन गेंद स्टंप से नहीं लगी। मिलर को एक रन मिल गया।
पांचवीं गेंद:
स्मिथ की गेंद पर तेवतिया ने शानदार छक्का लगाया। स्मिथ की फुलर लेंग्थ की गेंद को तेवतिया डीप मिड विकेट सीमा रेखा के बाहर भेज दिया।
छठी गेंद:
आखिरी गेंद पर जीत के लिए गुजरात को छह रन बनाने थे। स्मिथ ने ऑफ स्टंप से बाहर गेंद की, लेकिन वह तेवतिया के बल्ले पर अच्छे से आ गई। गेंद सीधे डीप मिड विकेट बाउंड्री के बाहर जाकर गिरी और गुजरात ने रोमांचक तरीके से इस मैच को जीत लिया।